श्री श्याम मंदिर आलमबाजार  
कोलकाता सिटी

धूमधाम से संपन्न हुआ श्री श्याम मंदिर आलमबाजार का श्याम जन्मोत्सव, भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु

समाज में विशिष्ट योगदान के लिए निर्मल अग्रवाल को ‘समाज रत्न’ सम्मान से किया गया अलंकृत

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता /आलमबाजार : उत्तर कोलकाता के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में श्री श्याम जन्मोत्सव चार दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भव्य एकादशी कीर्तन, संगीतमय नानी बाई का मायरा, बाबा श्याम का जन्मोत्सव एवं बारस का भव्य कीर्तन आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। चारों दिनों मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों, भजनों और भक्तिमय संगीत से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर राज्य के मंत्री उमेश राय ने भी बाबा के दरबार में हाजरी लगायी।

राधा श्री जी की संगीतमय कथा में सजा नानी बाई का मायरा

जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित नानी बाई का मायरा विशेष आकर्षण रहा। कथा वाचिका राधा श्री जी ने अपनी भावपूर्ण एवं संगीतमय कथा प्रस्तुति के माध्यम से नरसी भगत की अनन्य भक्ति और नानी बाई के मायरे का मार्मिक प्रसंग सुनाया। कथा में वर्णन किया गया कि किस प्रकार स्वयं भगवान श्रीकृष्ण नानी बाई के भाई बनकर उनका मायरा भरने पहुंचे और अपनी भक्तवत्सलता एवं कृपा से भक्तों की लाज रखी। भगवान श्रीकृष्ण के इस अद्भुत भक्त-प्रेम के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

एकादशी एवं जन्मोत्सव पर भजनों की अमृतवर्षा

एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित भव्य कीर्तन में भजन एवं संकीर्तन के माध्यम से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया गया। वहीं श्री श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर श्याम अग्रवाल, कुमार राज, डोली अग्रवाल एवं पुष्पा शॉ ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की मधुर धुन पर भक्त भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर श्याममय हो गया।

बारस के भव्य कीर्तन में भजन गायकों ने बांधा समां

जन्मोत्सव समारोह के अंतिम चरण में बारस के पावन अवसर पर भी भव्य कीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक रंजीत मेहंदी, हैदराबाद से पधारे यश वर्मा, हेमंत वर्मा एवं प्रकाश सोनी ने अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों पर भक्त भावविभोर होकर नाचते-गाते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर श्याम नाम की गूंज से भक्तिमय हो उठा। बारस के इस भव्य कीर्तन ने चार दिवसीय जन्मोत्सव समारोह को यादगार बना दिया।

‘समाज रत्न’ सम्मान से अलंकृत निर्मल अग्रवाल

निर्मल अग्रवाल को ‘समाज रत्न’ सम्मान

इस अवसर पर समाज में विशिष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए निर्मल अग्रवाल को ‘समाज रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। उनके सामाजिक योगदान एवं समाज के प्रति समर्पित कार्यों की सराहना करते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन किया।

पश्चिम बंगाल एवं पूर्वी भारत के प्रमुख श्याम धामों में विशेष पहचान

आलमबाजार स्थित श्री श्याम मंदिर पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध श्याम मंदिरों में से एक है तथा पूर्वी भारत के प्रमुख श्याम धामों में अपनी विशेष पहचान रखता है। कोलकाता सहित हावड़ा, हुगली एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। धार्मिक आयोजनों, भव्य उत्सवों, नियमित भजन-कीर्तन एवं विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से मंदिर निरंतर श्रद्धा, भक्ति और सेवा का संदेश प्रसारित कर रहा है। मंदिर को भक्तों के बीच ‘कोलकाता का खाटू धाम’ के रूप में भी विशेष पहचान प्राप्त है।

धर्म के साथ मानव सेवा का भी संकल्प

श्री श्याम मंदिर आलमबाजार केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों के माध्यम से मानव कल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। मंदिर की ओर से जरूरतमंदों के लिए नियमित भोजन सेवा, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, वस्त्र वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मंदिर परिवार का उद्देश्य भक्ति के साथ मानव सेवा, सामाजिक सद्भाव एवं परोपकार की भावना को आगे बढ़ाना है।

मंदिर के सचिव एवं ट्रस्टी श्री गोविंद मुरारी अग्रवाल ने जन्मोत्सव की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, सेवाधारियों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा, भक्तों की अटूट श्रद्धा और सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से यह भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने सभी भक्तों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

श्री श्याम मंदिर आलमबाजार का यह चार दिवसीय जन्मोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, भक्ति और सेवा भावना का सुंदर उदाहरण बनकर श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया।

SCROLL FOR NEXT