कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर चल रही राजनीतिक गरमागरमी अब और तेज हो गई है। राज्य के विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव आयोग (ईसीआई) की भूमिका पर सवाल उठाते हुए साफ कहा है कि केवल पत्र से हालात नहीं सुधरेंगे बल्कि ठोस और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आयोग ने सख्त कदम नहीं उठाए तो भाजपा इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएगी। पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही अप्रिय घटनाओं की कई शिकायतें आई हैं। कुछ जगहों पर मतदान अधिकारियों सहित आम मतदाताओं की मौत की खबरें आई हैं, वहीं अन्य जगहों पर सुनवाई के दौरान तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं। इस स्थिति में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को लगातार पांच पत्र लिखकर कई शिकायतें दर्ज कराई हैं लेकिन भाजपा का दावा है कि इन सभी घटनाओं के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है। वे जनता को गुमराह कर रही हैं। वहीं आयोग जवाबी पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई करने की बात कहने के अलावा कुछ नहीं कर रहा है। इसी संदर्भ में शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने याद दिलाया कि संविधान के अनुच्छेद 324 से 329 के तहत राष्ट्रीय चुनाव आयोग को व्यापक शक्तियां दी गई हैं। उनका सवाल यह है कि इतनी शक्तियां होने के बावजूद आयोग इतना नरम रुख क्यों अपना रहा है? शुभेंदु ने कहा कि सिर्फ कागजी कार्रवाई से कुछ नहीं होगा। अब कार्रवाई जरूरी है। अगर सख्त कार्रवाई नहीं हुई हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अब तक आयोग या तृणमूल कांग्रेस ही अदालत जाती रही है, इस बार भाजपा भी जनता की ओर से अदालत का रुख करेगी।