शुभेंदु अधिकारी 
कोलकाता सिटी

इटाहार हिंसा पर शुभेंदु ने राज्य सरकार पर बोला हमला

चुनाव आयोग से दखल की मांग

कोलकाता : उत्तर दिनाजपुर के इटाहार में एसआईआर की सुनवाई के दौरान हुई हिंसा को लेकर विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और प्रशासन गुंडों के आगे बेबस नजर आ रहा है। शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर इटाहार हाई स्कूल में हुई घटना को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर सुनवाई के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और एक महिला AERO (असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) पर बेरहमी से हमला किया। शुभेंदु ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया और चुनाव अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं, इसके बावजूद इटाहार में इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना के दौरान पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बने रहे और बदमाशों को बिना किसी रोक-टोक के हिंसा करने दी गई। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है, जिसकी वजह से आम मतदाताओं और सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

SCROLL FOR NEXT