शुभेंदु अधिकारी 
कोलकाता सिटी

भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी की सक्रियता बढ़ी, सियासी अटकलें तेज

इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने “हिंदू-हिंदू भाई-भाई” का नारा लगाया और कहा कि जो हिंदू हित में काम करेगा, वही बंगाल में राज करेगा।

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में भवानीपुर को लेकर हलचल तेज होती जा रही है। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की लगातार बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मंगलवार सुबह शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने दोल उत्सव में हिस्सा लेकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। भवानीपुर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने “हिंदू-हिंदू भाई-भाई” का नारा लगाया और कहा कि जो हिंदू हित में काम करेगा, वही बंगाल में राज करेगा। उन्होंने कहा कि “नास्तिकता और सेक्युलरिज्म को जाने दो। इस देश का नाम हिंदुस्तान है, यहां हिंदू राज करेंगे। मैं प्रार्थना करता हूं कि पश्चिम बंगाल में हिंदू सुरक्षित रहें। कार्यक्रम में उन्होंने भक्ति गीत “गोरा गोरा गौरांग” भी गाया।

हाल के दिनों में भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। सिर्फ दौरे ही नहीं, बल्कि उन्होंने वहां एक ‘वॉर रूम’ भी स्थापित किया है। नियमित बैठकों और कार्यक्रमों से राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या विपक्ष के नेता आगामी विधानसभा चुनाव भवानीपुर से लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के एक वर्ग का मानना है कि शुभेंदु अधिकारी का मुख्य लक्ष्य मुख्यमंत्री के गढ़ में संगठन को मजबूत करना है। भाजपा नेतृत्व को भी आशंका है कि ममता बनर्जी अगला विधानसभा चुनाव भवानीपुर से ही लड़ सकती हैं। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए पार्टी रणनीतिक तैयारी में जुटी दिखाई दे रही है।

गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने अपना पारंपरिक क्षेत्र छोड़कर नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वहां हारने के बाद उन्होंने भवानीपुर उपचुनाव जीतकर संवैधानिक रूप से मुख्यमंत्री पद बरकरार रखा था।

ऐसे में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले भवानीपुर के इर्द-गिर्द राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता नजर आ रहा है और शुभेंदु अधिकारी के लगातार दौरे इन अटकलों को और हवा दे रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT