कोलकाता: विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बेरोजगार शिक्षकों के नवान्न अभियान को लेकर कोलकाता पुलिस के खिलाफ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने कोलकाता पुलिस के खिलाफ सियालदह स्टेशन में अवैध रूप से प्रवेश करने और यात्रियों को परेशान करने का मुद्दा उठाया है। उनका आरोप है कि सियालदह डिवीजन के डीआरएम कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। शुभेंदु ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रेलवे स्टेशन में कोलकाता पुलिस के अवैध प्रवेश के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की। रेल मंत्री को लिखे पत्र में शुभेंदु ने लिखा, ‘गत शुक्रवार को कोलकाता पुलिस ने अवैध रूप से सियालदह स्टेशन में प्रवेश किया। उन्होंने आम यात्रियों को परेशान किया। उन्होंने जबरन उनके पहचान पत्र मांगे। उन्होंने उन शिक्षकों को भी जबरन हिरासत में लिया जो विरोध नहीं कर रहे थे और बस ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर खड़े थे।’ इसके बाद उन्होंने लिखा कि बेरोजगार शिक्षक शांतिपूर्ण नवान्न अभियान चलाना चाहते थे, लेकिन उन पर बल प्रयोग किया गया। उन्हें अपराधियों की तरह घसीटा गया और वैन में ले जाया गया। 3 पन्नों के पत्र में शुभेंदु ने लिखा कि रेलवे यार्ड में पुलिस का प्रवेश और बेरोजगारों को घसीटना रेलवे कानून के खिलाफ है।