सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की उपभोक्ता उत्पाद (FMCG) बाजार में श्रव्वी नेचुरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने कदम रखा है। कंपनी ने पर्सनल केयर और पूजा सामग्री की दो श्रेणियों में कारोबार शुरू करने की घोषणा की है। कंपनी के प्रबंध निदेशक रमेश अग्रवाल और निदेशक शिवम अग्रवाल के नेतृत्व में शुरू हुए इस नए उद्यम का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 400 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करना है। इसके लिए कंपनी लगभग 100 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है।
कंपनी ने सर्दियों के मौसम को देखते हुए अपने सात दशक पुराने KMP ब्रांड के तहत KMP ओलिवो बॉडी ऑयल लॉन्च किया है। इसके साथ ही पर्सनल केयर श्रेणी में नारियल, आंवला, जैस्मिन, सरसों-आंवला और चमेली हेयर ऑयल भी कंपनी के प्रस्तावित उत्पाद पोर्टफोलियो का हिस्सा होंगे।
KMP ओलिवो बॉडी ऑयल को 100 मिलीलीटर के लिए 95 रुपये, 200 मिलीलीटर के लिए 175 रुपये और 500 मिलीलीटर के लिए 325 रुपये की कीमत पर पेश किया गया है। शुरुआती ऑफर के तहत एक खरीदने पर एक मुफ्त दिया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में लगभग 600 करोड़ रुपये के अनुमानित बॉडी ऑयल बाजार में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करना है।
ब्रांड की पहुंच बढ़ाने के लिए लोकप्रिय बंगाली अभिनेत्री दर्शना बनिक को KMP का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। कंपनी को उम्मीद है कि उनके जुड़ाव से ब्रांड की पहचान और उपभोक्ताओं के बीच लोकप्रियता बढ़ेगी।
श्रव्वी नेचुरल्स के दूसरे कारोबारी क्षेत्र में प्रभा और आरती ब्रांड के तहत दीपक जलाने का तेल और घी उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी का शुरुआती बाजार पश्चिम बंगाल होगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश, असम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में वितरण नेटवर्क मजबूत करने की योजना है। अगले दो वित्त वर्षों में उत्तर और पश्चिम भारत के बाजारों तक विस्तार का लक्ष्य भी रखा गया है।
रमेश अग्रवाल ने कहा कि कंपनी गुणवत्ता और उचित कीमत के साथ उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों के अनुरूप उत्पाद विकसित करना चाहती है। वहीं शिवम अग्रवाल ने बताया कि अगले वित्त वर्ष तक समर्पित विनिर्माण इकाई स्थापित करने की योजना है। फिलहाल कंपनी में 200 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिसे अगले तीन वर्षों में बढ़ाकर 500 करने का लक्ष्य है। कंपनी का प्रस्तावित निवेश विनिर्माण इकाई, उत्पाद विकास, मार्केटिंग, ब्रांड निर्माण और बाजार विस्तार पर खर्च किया जाएगा।