विधायक दिलीप सिंह और संतु पान संयुक्त रूप से गंगा घाट कर निरीक्षण करते हुए  
कोलकाता सिटी

श्रावणी मेले के लिए प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज

सीएम शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य में जुटे

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : तारकेश्वर में आगामी श्रावणी मेले के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि मेले में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में विश्राम गृह, भोजन, पेयजल केंद्र, चिकित्सा शिविर, स्थायी एवं अस्थायी शौचालय, बायो-टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गंगा घाटों का आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण भी तेजी से चल रहा है। अधिकारियों का दावा है कि इस बार घाटों का बदला हुआ स्वरूप श्रद्धालुओं को एक नया अनुभव देगा। मेले के दौरान सरकारी और निजी बसों को विशेष रूप से सजाया जाएगा। वहीं, प्रसिद्ध लाइटिंग तिलिस्म के शहर चंदननगर के लाइटिंग कारीगर पूरे मेला मार्ग को आकर्षक प्रकाश सज्जा से रोशन करेंगे। गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के पांव में छाले न पड़े, इसलिए मार्गों पर जगह-जगह जूट मैट बिछाए जाएंगे, जिन्हें समय-समय पर पानी से भिगोया जाएगा, ताकि नंगे पैर चलने वाले कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। विभिन्न विश्राम केंद्रों पर डिजिटल स्क्रीन भी लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से श्रद्धालु भीड़ और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस बीच विधायक संतु पान ने कहा कि इस वर्ष का श्रावणी मेला नए स्वरूप और नए रंग के साथ आयोजित किया जाएगा। चांपदानी के विधायक दिलीप सिंह, सिंगुर के विधायक डॉ. अरूप कुमार दास, हरिपाल की विधायक मधुमिता घोष भी अपने क्षेत्र में श्रावणी मेले को लेकर सक्रिय हैं। वहीं जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी घाट और सड़क से लेकर मंदिर तक पूरी व्यवस्था की निगरानी में जुटे हुए हैं।

SCROLL FOR NEXT