कोलकाता : उत्तर कोलकाता के शोभाबाजार इलाके में शुक्रवार दोपहर एक पुराने और जर्जर मकान की छत और बालकनी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। घटना के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था और संयोग से सड़क पर भी लोगों की आवाजाही नहीं थी। इस कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान लंबे समय से जर्जर हालत में था। लगातार हो रही बारिश के कारण भवन की स्थिति और कमजोर हो गई थी। मकान के रखरखाव की भी लंबे समय से अनदेखी की जा रही थी। दोपहर को अचानक छत और बालकनी का हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। तेज आवाज के साथ मलबा गिरने से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाके को घेर लिया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों को भी घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई। नगर निगम ने शुरू की खतरनाक हिस्से को हटाने की कार्रवाई मकान के अन्य हिस्सों की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। खतरे को देखते हुए कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की ओर से इमारत के बचे हुए खतरनाक हिस्सों को हटाने और गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से मकान की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।