निवर्तमान विधायक शौकत मोल्ला  
कोलकाता सिटी

जीवनतला में ‘घर का बेटा’ शौकत के समर्थन में प्रदर्शन

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को 291 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके बाद से दक्षिण 24 परगना जिले की हाई-प्रोफाइल सीट भांगड़ को लेकर असंतोष का माहौल बन गया है। कैनिंग पूर्व के निवर्तमान विधायक शौकत मोल्ला को भांगड़ से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में नाराज़गी देखी जा रही है। कई कार्यकर्ताओं ने नारा दिया कि ‘घर का बेटा’ शौकत को भांगड़ के बजाय कैनिंग पूर्व से ही उम्मीदवार बनाया जाए। कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र के जीवनतला में शौकत मोल्ला के समर्थन में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। रातभर सड़कों पर टायर जलाकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया। तृणमूल हाईकमान ने 2026 के चुनाव के लिए कैनिंग पूर्व से मो. बहारुल इस्लाम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि शौकत मोल्ला को भांगड़ विधानसभा क्षेत्र भेजा गया है। उम्मीदवारों की सूची जारी होते ही कार्यकर्ताओं का एक वर्ग शौकत मोल्ला को ही दोबारा कैनिंग पूर्व से उम्मीदवार बनाए जाने की मांग पर अड़ गया। बहारुल इस्लाम को उम्मीदवार बनाए जाने से क्षेत्र के कई तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक नाराज हैं। हालांकि, बहारुल इस्लाम को शौकत मोल्ला का करीबी माना जाता है और उनका घर भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भांगड़ के विधायक नौशाद सिद्दीकी के प्रभाव को कमजोर करने के लिए यह रणनीतिक बदलाव किया गया है। वहीं, कैनिंग पूर्व में बाहरी उम्मीदवार थोपे जाने के आरोपों को लेकर कार्यकर्ताओं का एक वर्ग विरोध कर रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से जुड़े स्थानीय नेतृत्व को हटाकर बाहरी उम्मीदवार को थोपना स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्थिति को संभालने के लिए पार्टी नेतृत्व के हस्तक्षेप की मांग भी उठ रही है।


SCROLL FOR NEXT