पाथरप्रतिमा के विधायक समीर जाना प्रभावित लोगों से मिलकर कर बातचीतत करते हुए  
कोलकाता सिटी

पाथरप्रतिमा में बीडीओ की गाड़ी सहित कई दुकानें फूंकीं, इलाके में दहशत व्याप्त!

तीन दुकानें, दो गायें और दो मोटरसाइकिलें जलकर राख घटना की जांच में जुटी पुलिस

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

काकद्वीप : रात के अंधेरे में पाथरप्रतिमा के दुर्गा गोबिंदपुर स्कूल मोड़ इलाके में असामाजिक तत्वों ने जमकर तांडव किया! एक के बाद एक दुकानों और मकानों में आग लगा दी गयी। इतना ही नहीं, खुद पाथरप्रतिमा के बीडीओ की सरकारी गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया गया। इलाके में आगजनी की इन घटनाओं से दहशत का माहौल है। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि ये वारदात किसने और क्यों कीं। पाथरप्रतिमा थाना पुलिस ने घटना जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर आगजनी एक अकेले अपराधी के वश की बात नहीं है, इसलिए गिरोह की तलाश की जा रही है। पाथरप्रतिमा के विधायक समीर कुमार जाना ने कहा, “यहां ऐसी घटना बेहद आश्चर्यजनक है। अभी तक यह पता नहीं चल सका कि यह सब किसने किया। पुलिस पूरी घटना की तफ्तीश कर रही है।” स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब एक बजे अचानक अपराधियों ने आग लगा दी जिससे कई दुकानें धू-धू कर जल गयी। आग की लपटें देखकर लोगों में भगदड़ मच गयी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसी बीच लोगों ने देखा कि थोड़ी दूर पर बीडीओ के ड्राइवर अमरेश गिरि के घर के सामने खड़ी बीडीओ की सरकारी गाड़ी भी जल रही है। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक गाड़ी का काफी हिस्सा जल चुका था। घटनास्थल से कुछ दूरी पर गांव के अंदर भी कई मकानों में आग लगाने की घटनाएं हुईं। एक गोशाला में बंधी दो गायें और दो मोटरसाइकिल भी जलकर राख हो गयीं।

स्थानीय सांसद ने घटनास्थल का दौरा किया
मथुरापुर के तृणमूल सांसद बापी हालदार ने शुक्रवार की सुबह में घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों को फौरन इस कांड से जुड़े मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की।
SCROLL FOR NEXT