कोलकाता : महानगर में सोमवार को होने वाली मतगणना को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित हिंसा को रोकने के लिए कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार ने कड़े कदम उठाए हैं। सभी मतगणना केंद्रों के बाहर दो-स्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा, जबकि केंद्रों के भीतर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।शहर में अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। पूरी व्यवस्था की निगरानी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त और उपायुक्त स्तर के हाथों में होगी।
इन 8 केंद्रों पर होगी गिनती
मतगणना सुबह से शहर के आठ केंद्रों पर शुरू होगी, जिनमें नेताजी इंडोर स्टेडियम, अलीपुर का हेस्टिंग्स हाउस कॉम्प्लेक्स, जादवपुर का ए.पी.सी. राय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अलीपुर जज कोर्ट रोड स्थित बिहारीलाल कॉलेज, डायमंड हार्बर रोड का सेंट थॉमस बॉयज स्कूल, लॉर्ड सिन्हा रोड का सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल, बेलतला रोड का बालीगंज गवर्नमेंट हाई स्कूल और बालीगंज सर्कुलर रोड स्थित बाबा साहेब अंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी शामिल हैं।
अभेद्य सुरक्षा घेरा और ड्रोन से निगरानी
सुरक्षा के तहत केंद्रों के 200 मीटर के दायरे को नो-गो ज़ोन घोषित किया गया है, जहां किसी भी राजनीतिक दल के समर्थकों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। विभिन्न दलों के समर्थकों के बीच दूरी बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जीत के बाद निकलने वाले विजय जुलूसों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। इन जुलूसों के साथ पुलिस बल मौजूद रहेगा ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या हमले की स्थिति न बने। इसके अलावा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। चुनाव के बाद हिंसा रोकने के लिए 200 कंपनी केंद्रीय बल पहले ही तैनात किए जा चुके हैं। पुलिस ने उन इलाकों की पहचान कर ली है जहां पहले हिंसा की घटनाएं हुई थीं। रविवार को पुलिस आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और सभी केंद्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मतगणना समाप्त होने के बाद भी पुलिस और केंद्रीय बल की संयुक्त टीमें शहर में गश्त और रूट मार्च जारी रखेंगी।