कोलकाता : राज्य में सत्ता परिवर्तन के साथ ही लंबे समय से अटकी पड़ी चिंगड़ीघाटा मेट्रो परियोजना का काम अब युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। पिछले हफ्ते शुक्रवार से शुरू हुए इस काम का शुक्रवार रात से दूसरा चरण आरंभ हो गया। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक लगातार चलेगा। इस दूसरे चरण के कार्य के तहत मेट्रो के पिलर नंबर 318 और 319 को आपस में जोड़ने का काम किया जाएगा। इससे पहले 15 मई से 18 मई के बीच पहले चरण का काम सफलतापूर्वक पूरा किया गया था, जिसमें पिलर नंबर 317 और 318 के बीच गर्डर बिठाया गया था। इस भारी निर्माण कार्य के चलते आज रात से सोमवार सुबह तक इलाके में भारी वाहनों और कारों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
वाहन चालकों के लिए गाइडलाइन : इन रूटों पर रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण
मेट्रो कार्य के दौरान सुचारु यातायात के लिए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक रूट में बदलाव किये हैं। ईएम बाईपास पर दक्षिण की ओर जाने वाले वाहनों की गति और आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। हालांकि, बाईपास की दक्षिण मुखी गाड़ियां अपने सामान्य मार्ग से ही चलेंगी। साल्टलेक या न्यू टाउन की तरफ से बाईपास की ओर जाने वाले वाहनों के मार्ग में कोई बदलाव नहीं होगा। दूसरे चरण के काम के दौरान जब बाईपास का पूर्वी हिस्सा बंद रहेगा, तब साल्टलेक, उल्टाडांगा या हवाई अड्डे की ओर जाने वाले सभी वाहनों को 'एनएक्स होटल' के सामने से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन उत्तर मुखी नयी सड़क से होकर चिंगड़ीघाटा की तरफ बढ़ेंगे। साल्टलेक जाने के लिए जो गाड़ियां चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर चढ़ती हैं, उन्हें भी इस नये वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। दक्षिण की ओर जाने वाले सभी वाहनों को चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग से मोड़कर बाईपास के पश्चिमी हिस्से में भेजा जाएगा। न्यू टाउन और साल्टलेक की तरफ से बाईपास की ओर आने वाले वाहन चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग से दक्षिण की ओर जाने के लिए केवल बाईं ओर मुड़ सकेंगे। उत्तर की ओर जाने के लिए दाईं ओर मुड़ने (राइट टर्न) पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी क्योंकि वह रास्ता बंद रहेगा। उत्तर की ओर जाने वाले वाहनों को 'मेट्रोपॉलिटन क्रॉसिंग' से यू-टर्न लेना होगा।