कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को शनिवार को कोलकाता की एक अदालत ने 19 जून तक एनआईए कस्टडी में भेज दिया। उन्हें दक्षिण 24 परगना के कमालगाजी में एक ठिकाने से गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी भांगड़ में चुनाव से पहले हुए बम धमाके के मामले में हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मोल्ला को न्यू टाउन स्थित एनआईए हेडक्वार्टर से कड़ी सुरक्षा के बीच कोलकाता के सिटी सेशंस कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सुदीप्त कुमार डे के सामने पेश किया गया।
एनआईए ने मोल्ला को बताया मास्टरमाइंड
कस्टडी की मांग करते हुए एनआईए के वकील ने अदालत को बताया कि मोल्ला चुनाव से पहले भांगड़ विधानसभा क्षेत्र के चलताबेड़िया के दक्षिण बामुनिया गांव में हुए बम धमाके के कथित मास्टरमाइंड थे। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में राजनीतिक हिंसा से जुड़े कई मामलों में शवों को गायब करने में उनकी भूमिका थी। मोल्ला की ओर से पेश हुए वकील सुमन दास ने जमानत की मांग की और तर्क दिया कि मोल्ला का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। दास ने अदालत से कहा कि एनआईए ने जांच अपने हाथ में ले ली थी और कई मोबाइल फोन जब्त करने के साथ ही कई लोगों को गिरफ्तार किया था। मोल्ला धमाके वाली जगह से काफी दूर रहते हैं और घटना से उनका कोई संबंध नहीं है। जमानत याचिका का विरोध करते हुए एनआईए के वकील श्यामलाल घोष ने कहा कि इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किए गए तीन आरोपितों ने मोल्ला को मास्टरमाइंड बताया है। घोष ने कहा कि केस डायरी जमा कर दी गई है और सभी संबंधित फोन कॉल्स की जांच की जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के पीछे एक बड़ी साजिश थी और जांच के हित में मोल्ला की एनआईए कस्टडी की मांग की।
'माछ चोर' के गाने और अंडे-मछली की बौछार
मोल्ला की गिरफ्तारी के बाद जनता में भारी आक्रोश देखने को मिला। न्यू टाउन में एनआईए मुख्यालय से लेकर बिधाननगर सब-डिविजनल हॉस्पिटल और बैंकशाल कोर्ट तक, हर जगह प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारी अपने साथ अंडे और मछली की पेटियां लेकर पहुंचे थे। लाउडस्पीकर पर वायरल गाना ‘माछ चोर’ बजाया जा रहा था। जैसे ही एनआईए शौकत मोल्ला को लेकर निकली, प्रदर्शनकारियों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाते हुए एनआईए की गाड़ियों पर अंडे, मछलियां और पानी की बोतलें फेंकी। स्थिति को देखते हुए एनआईए ने मोल्ला को जिस कार में बैठाया था, उसकी खिड़कियों को अखबारों से ढक दिया। मोल्ला की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही भांगड़ और कैनिंग ईस्ट के कई इलाकों में जश्न का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई।