अभिषेक बनर्जी काउंटिंग सेंटर से बाहर निकलते हुए 
कोलकाता सिटी

सतगछिया विधानसभा की मतगणना के दौरान अभिषेक के पहुंचते ही मचा हंगामा

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हेस्टिंग हाउस स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन फॉर वुमन में सतगछिया विधानसभा सीट की मतगणना के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी वहां पहुंचे। जानकारी के अनुसार, तृणमूल उम्मीदवार सोमाश्री बेताल को काउंटिंग सेंटर से बाहर किए जाने की खबर मिलने के बाद वह हालात का जायजा लेने पहुंचे थे। उनके पहुंचते ही मौजूद भाजपा समर्थकों ने भद्दी टिप्पणी लगाने शुरू कर दिए, जिससे माहौल गरमा गया। इसी दौरान कुछ भाजपा समर्थकों द्वारा उनके प्रति आपत्तिजनक व्यवहार किए जाने की भी खबर सामने आई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षा बलों को स्थिति संभालनी पड़ी। बताया गया कि मामले की सूचना चुनाव आयोग तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने अभिषेक बनर्जी को तुरंत काउंटिंग सेंटर से बाहर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद वे वहां से बाहर निकल गए। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भद्दी टिप्पणी जैसे नारे लगाना भाजपा की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में जनता का जो भी जनादेश होगा, उसे वह स्वीकार करेंगे। साथ ही तृणमूल कांग्रेस की संभावित हार को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी इस परिणाम का विश्लेषण करेगी और आगे की रणनीति तय करेगी। इस घटना ने मतगणना के दौरान राजनीतिक तनाव और प्रतिस्पर्धा को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

SCROLL FOR NEXT