कोलकाता सिटी

सरोज कुमार मिश्रा बने अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष

Neha Singh

सन्मार्ग संवाददाता

प्रयागराज /कोलकाता : अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल, संपूर्ण भारत की केंद्रीय समिति की बैठक रविवार को प्रयागराज में हुई। बैठक में पश्चिम बंगाल के सरोज कुमार मिश्रा को संगठन का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद श्री मिश्रा ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करना और राज्य के अधिक से अधिक व्यापारियों, उद्यमियों एवं छोटे व्यवसायियों को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी।

श्री मिश्रा ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों एवं प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में संगठन का विस्तार करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को एकजुट कर उनके हितों की रक्षा के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।

संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि श्री मिश्रा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पश्चिम बंगाल में संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनकी नियुक्ति पर प्रदेश के व्यापारियों और संगठन के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि श्री मिश्रा के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल का विस्तार होगा और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को राज्य स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT