कोलकाता : दीपावली एवं छठ पूजा के पावन अवसर पर कोलकाता के आलमबाजार स्थित प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर में जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस सेवा कार्यक्रम के तहत इस वर्ष भी महिलाओं को साड़ियां भेंट कर त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाया गया।
कार्यक्रम में श्री अजय गुप्ता, श्री सुरेश अग्रवाल, श्री शंकर भावसिंका, श्री विजय भूत, श्री पप्पू चौधरी, श्री दिनेश मित्तल, श्री कन्हैयालाल अग्रवाल, श्री राजपाल गुप्ता और श्री विजय शंकर अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने हाथों से महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं और उन्हें दीपावली एवं छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं।
कोलकाता का खाटू धाम कहे जाने वाले श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ मंदिर की ओर से सामाजिक सेवा को भी प्राथमिकता दी जाती है। जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से आयोजित साड़ी वितरण कार्यक्रम इसी सेवा परंपरा का हिस्सा है।
इस अवसर पर मंदिर के ट्रस्टी श्री गोविंद मुरारी अग्रवाल ने सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मानव सेवा भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। त्योहारों की खुशियां जरूरतमंद लोगों के साथ साझा करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने सेवा भावना को सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया।
मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदना को प्रोत्साहित किया गया। साड़ी वितरण की यह पहल त्योहारों के अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं तक खुशियां पहुंचाने तथा सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास रही।