कोलकाता : घरों में तैयार ठेकुआ, सजे हुए सूप और लोकगीतों की धुनों में छठ पर्व की परंपराएं और आस्था झलकती हैं। वहीं, यह पर्व लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का भी अवसर देता है। इसी भावना को एक मंच देने के उद्देश्य से सन्मार्ग ग्रुप ने शुक्रवार, 20 नवंबर को शहनाई गार्डन बैंक्वेट्स में ‘सन्मार्ग छठ महोत्सव 2026’ का आयोजन किया। पारंपरिक प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के जरिए शाम में छठ की लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में जोड़ासांको के विधायक विजय ओझा और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष के. पाठक मौजूद रहे। शाम के मुख्य आकर्षण ‘बिहार गौरव सम्मान’ के तहत अमित मेटालिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित सिंह और शारदा ग्रुप के चेयरमैन लालजी प्रसाद गुप्त को कारोबारी क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सिसोदिया सिस्टर्स की ‘सुर-संगम’ प्रस्तुति ने संगीत का रंग जमाया। वहीं, आरजे राकेश ने भोजपुरी मनोरंजन से दर्शकों को जोड़े रखा। नवीन कुमार सिंह की ‘काव्य रसधार’ ने कार्यक्रम में साहित्यिक रंग घोला। इसके साथ ही मेहमानों ने बिहार के पारंपरिक व्यंजन लिट्टी-चोखा का भी आनंद लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रतियोगिताओं ने भी कार्यक्रम को खास बनाया। ‘ठेकुआ बनाओ, स्वाद चखाओ’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने घर पर तैयार किए गए ठेकुआ प्रस्तुत किए, जिनका निर्णायकों ने स्वाद और गुणवत्ता के आधार पर मूल्यांकन किया। इसमें अनीता वर्मा विजेता रहीं। वहीं, ‘सूप श्रृंगार’ प्रतियोगिता में पारंपरिक बांस के सूप को आकर्षक ढंग से सजाया गया और इसमें वनिता शर्मा विजेता रहीं।
‘मधुबनी आर्ट’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने घर से लाई गई अपनी कलाकृतियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें निर्णायकों ने परखा। इसमें रंजना झा विजेता रहीं। उपस्थित मेहमानों में उद्योग जगत से जुड़ी हस्तियों के साथ बंगाली और बिहारी समुदाय के कई गणमान्य लोग भी शामिल रहे। सभी ने आयोजन की सराहना की और उत्सव का आनंद लिया।
सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा, ''छठ प्रकृति और मनुष्य के ईश्वर से जुड़ाव का पर्व है। यह ऐसा त्योहार है, जहां घाट पर किसी की जाति या अमीरी-गरीबी का भेद नहीं दिखता। सभी एक साथ बैठकर सूर्य की पूजा करते हैं। मुझे नहीं लगता कि देश में कोई दूसरा ऐसा त्योहार है, जहां समाज के सभी वर्ग एक साथ इस तरह पूजा करते हों।
सन्मार्ग की यह पहल सराहनीय है। छठ के अवसर पर ठेकुआ और सूप सजावट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित करना भी संस्कृति को मंच देने का अच्छा प्रयास है।'' वहीं, सन्मार्ग ग्रुप की अध्यक्ष रुचिका गुप्त ने कहा, ''बंगाल देश का मेल्टिंग पॉइंट है।
यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दूसरे क्षेत्रों से आए लोगों ने इसे अपना घर बनाया है और इसकी प्रगति में योगदान दिया है। अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने बंगाल की सांस्कृतिक विविधता को भी समृद्ध किया है। सन्मार्ग ऐसे आयोजनों के जरिए भारत की इसी विविधता और एकता को मंच देना चाहता है।''