रिजेंट  SUKHOMOY_SEN
कोलकाता सिटी

बालू तस्करी मामले में पहली बार ईडी का छापा

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : झाड़ग्राम के गोपीबल्लभपुर में ईडी की टीम सुबह-सुबह पहुंची और वहां शेख जहिरुल अली के घर छापा मारा। यह तीन मंजिला बड़ा मकान सुवर्णरेखा नदी के किनारे स्थित है। लंबे समय से इस नदी से रेत तस्करी के आरोप लगते रहे हैं।

यह पहला मौका है जब रेत तस्करी की जांच में ईडी सक्रिय हुई है। सोमवार की सुबह कोलकाता, झाड़ग्राम, नदिया और पश्चिम मिदनापुर के कई स्थानों पर ईडी ने छापेमारी की। झाड़ग्राम के अलावा बेहाला के जेम्स लॉन्ग सरणी में भी छानबीन चल रही है, जहां माइनिंग कंपनी के ऑफिस पर छापा पड़ा है। इस कंपनी का एक ऑफिस विधाननगर सेक्टर-5 और कल्याणी में भी है।

अली रेत के व्यवसाय से सीधे जुड़े हैं। वे पहले गांव के पुलिस अधिकारी थे, बाद में उन्होंने अपनी नौकरी छोड़कर रेत का कारोबार शुरू किया। ईडी ने उनके घर और कार की भी तलाशी ली है और दस्तावेजों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अली केवल रेत का व्यवसाय करते हैं और कोई अवैध काम नहीं करते। लेकिन केंद्रीय एजेंसी ने पूरे क्षेत्र को घेर रखा है।

पश्चिम मिदनापुर के एक और व्यवसायी राय के घर भी ईडी ने छापा मारा है, जो रेत की अवैध तस्करी में शामिल बताए जा रहे हैं। ईडी ने कुल 4-5 टीमों को तैनात किया है और कई जगहों पर छानबीन कर रही है। लंबे समय से रेत तस्करी को लेकर शिकायतें आ रही थीं कि इससे प्रकृति का संतुलन बिगड़ रहा है। इसके बाद हाल ही में मामला दर्ज किया गया।

SCROLL FOR NEXT