कोलकाता : बारासात स्थित रीजेंट गारमेंट एंड अपैरल पार्क के दौरे के दौरान पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने निवेशकों को राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए अनुकूल माहौल का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को राजनीतिक हस्तक्षेप और जबरन वसूली जैसी चिंताओं से मुक्त वातावरण मिलना चाहिए। इस दौरान उनके साथ विधायक शंकर चटर्जी और भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष विद्यासागर मंत्री भी मौजूद थे।
RDB ग्रुप द्वारा विकसित इस पार्क में वर्तमान में करीब 350 विनिर्माण इकाइयां संचालित होने और हजारों लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का दावा किया गया। परियोजना के विस्तार के बाद इकाइयों और रोजगार के अवसरों में और वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।
पार्क में विशेष रूप से MSME तथा वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र से जुड़े उद्यम संचालित हैं। RDB ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रमोटर विनोद दुगड़ ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय सुंदर लाल दुगड़ का उद्देश्य उद्योग के माध्यम से लोगों के लिए रोजगार और सम्मानजनक जीवन के अवसर तैयार करना था।
उन्होंने कहा कि समूह इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए नए औद्योगिक पार्क विकसित कर रहा है। समूह के अनुसार, अंकुरहाटी, हावड़ा और खिलकापुर, बारासात में भी औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से MSME क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है।