विधाननगर : महानगर में शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देकर जालसाजों ने एक 79 वर्षीय वृद्ध से 2.49 करोड़ रुपये ठग लिए। घटना को लेकर सॉल्टलेक सेक्टर-1 के निवासी वी. भुवालका ने विधाननगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वृद्ध ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन देखने के बाद उन्होंने अपने मोबाइल पर एक शेयर ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड किया। इस दौरान, उनके मोबाइल पर एक महिला ने संदेश भेजा और खुद को स्टॉक ट्रेडिंग कंपनी का रिलेशनशिप मैनेजर बताकर उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया। आरोप है कि जालसाजों ने ऐप के जरिए पहले उन्हें एक कंपनी में निवेश कराया। उन्होंने शुरुआत में 3 लाख रुपये निवेश किए। धीरे-धीरे निवेश की राशि 2.49 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
आरोप है कि अधिक रिटर्न पाने के लालच में वृद्ध ने कुल 2.49 करोड़ रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने ऐप के जरिए निवेश की गई राशि निकालने की कोशिश की, तो उनके अकाउंट को फ्रीज पाया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।