कोलकाता सिटी

लाल से नीला-सफेद होते हुए अब भगवा रंग में रंगा साल्टलेक स्टेडियम

भारत-ब्राजील मैच से पहले जोरदार तैयारी

Ravi

कोलकाता : कोलकाता का प्रतिष्ठित साल्टलेक स्टेडियम एक बार फिर नए रंग-रूप में नजर आने लगा है। भारत और ब्राजील के बीच 3 अक्टूबर को होने वाले अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मुकाबले से पहले स्टेडियम की बाहरी दीवारों को भगवा रंग में रंगा जा रहा है। यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार ब्राजील की सीनियर पुरुष टीम भारतीय जमीन पर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी।

रंग के साथ बदला स्टेडियम का रूप

स्टेडियम का मूल बाहरी रंग पहले ईंट जैसा लाल था। वर्ष 2012 में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद इसे नीले-सफेद रंग में बदला गया था। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद स्टेडियम पर भगवा रंग चढ़ाया जा रहा है। राज्य के खेल मंत्री इंद्रनील खान ने बताया कि रंगाई का काम स्टेडियम के व्यापक नवीनीकरण अभियान का हिस्सा है।

पिच से लेकर दर्शक सुविधाओं तक बदलाव

स्टेडियम में केवल रंगाई नहीं, बल्कि कई स्तरों पर सुधार किया जा रहा है। मुख्य मैदान की बरमूडा घास बदली जा रही है। FIFA अधिकारियों के निरीक्षण में पिच की स्थिति को लेकर सवाल उठने के बाद यह कदम उठाया गया।

सीटों की मरम्मत, रंगाई और नंबरिंग के अलावा गेटों को चौड़ा करने और नए प्रवेश द्वार बनाने का काम भी जारी है। शौचालयों तथा ड्रेसिंग रूम की सुविधाओं को भी बेहतर किया जा रहा है।

3 अक्टूबर को भारत-ब्राजील मुकाबला

स्टेडियम के बाहरी हिस्से में LED लाइट स्ट्रिप लगाई जा रही हैं। दोनों अभ्यास मैदानों के आसपास ऊंची फेंसिंग की जा रही है, ताकि टीमों को प्रशिक्षण के दौरान अधिक निजता मिल सके।

ब्राजील की टीम के 30 सितंबर को कोलकाता पहुंचने की संभावना है। भारत-ब्राजील मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा और दर्शकों के लिए गेट शाम 4 बजे खोले जाएंगे। टिकटों की कीमत 999 से 15,000 रुपये तक रखी गई है। AIFF ने मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और मोहम्मडन स्पोर्टिंग के सदस्यों व समर्थकों के लिए 14,000 रियायती टिकट भी निर्धारित किए हैं।

SCROLL FOR NEXT