कोलकाता : भारतीय बैडमिंटन स्टार और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल मंगलवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रूबी पार्क पहुंचीं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद कर उन्हें खेल एवं जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या जयोति चौधरी ने सायना नेहवाल का स्वागत किया। स्कूल के प्रो वाइस चेयरमैन डॉ. संजीव अग्रवाल और प्रबंध समिति के सदस्य पंकज भरेच ने उन्हें सम्मानित किया। वहीं, ओमदयाल एजुकेशनल एंड रिसर्च सोसाइटी के सचिव सागर अग्रवाल और कोषाध्यक्ष नताशा अग्रवाल ने उन्हें रजत फ्रेम में जड़ी तस्वीर भेंट की।
विद्यार्थियों के साथ पॉडकास्ट शैली में आयोजित बातचीत के दौरान सायना ने खेल भावना, अनुशासन, धैर्य और निरंतर परिश्रम के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद उन्होंने छात्रों के साथ बैडमिंटन भी खेला। इस सत्र में विद्यालय की पूर्व छात्रा और राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी मुस्कान चटर्जी भी शामिल हुईं।
इस मौके पर सागर अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, विज्ञान और कला के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए तैयार करना है।