airport  
कोलकाता सिटी

एयरपोर्ट के प्रवेश मार्ग पर धंसी सड़क

Neha Singh

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : एयरपोर्ट के प्रवेश मार्ग पर गुरुवार शाम सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को VIP रोड से कोलकाता को जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर करीब आधे घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा। यह घटना शाम करीब 7:15 बजे पीक आवर के दौरान एयरपोर्ट की ओर जाने वाले राइट-टर्न फ्लाईओवर के निकास के पास हुई। सड़क का करीब 18 फीट × 12 फीट हिस्सा लगभग 3 फीट गहराई तक धंस गया, जिसके कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े। हर मिनट बड़ी संख्या में वाहनों के एयरपोर्ट की ओर मुड़ने के कारण फ्लाईओवर पर तेजी से जाम लग गया और इसका असर VIP रोड तक पहुंच गया।

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, VIP रोड से एयरपोर्ट जाने वाला यातायात करीब 15 मिनट तक पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित हिस्से को घेर दिया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही के लिए दो लेन चिन्हित कर उन्हें धंसे हुए हिस्से के बगल से निकाला गया। फिलहाल यातायात बहाल कर दिया गया है, हालांकि वाहनों की रफ्तार धीमी है।

सड़क धंसने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि इसका संबंध सड़क के नीचे चल रहे मेट्रो टनल निर्माण कार्य से है या पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण सड़क की सतह कमजोर होने से यह घटना हुई। प्रारंभिक आकलन में बारिश को संभावित रूप से प्रमुख कारण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को एयरपोर्ट क्षेत्र में करीब 100 मिमी बारिश हुई थी। भारी बारिश के कारण सड़क की सतह कमजोर होकर धंस सकती है। वहीं, एयरपोर्ट एप्रोच क्षेत्र के नीचे मेट्रो ऑरेंज लाइन के लिए बॉक्स-पुश पद्धति से टनलिंग का काम पिछले सप्ताह शुरू हुआ था।

मेट्रो कार्य के चलते यातायात व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट से बाहर निकलने वाली सड़क के एक हिस्से को एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किया गया था। टर्मिनल भवन से कैखाली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक नई अस्थायी सड़क भी शुरू की गई थी, जो VIP रोड की ओर जाती है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, सड़क धंसने के तुरंत बाद आपातकालीन मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। सड़क की सतह को स्थिर करने और आगे होने वाले नुकसान को रोकने के लिए प्रभावित हिस्से में कंक्रीट डालकर उसे मजबूत किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। सड़क की सतह पर कंक्रीट पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और उम्मीद है कि सुबह के व्यस्त यातायात शुरू होने से पहले सड़क को दोबारा खोल दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT