10 नंबर सडर स्ट्रीट 
कोलकाता सिटी

टैगोर के घर में होटल पर ऋतब्रत ने उठाए सवाल

10, सडर स्ट्रीट स्थित टैगोर की विरासत पर संकट

कोलकाता : गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर से जुड़ी सडर स्ट्रीट की ऐतिहासिक इमारत की बदहाली और वहां कथित अवैध होटल कारोबार को लेकर विद्रोही तृणमूल कांग्रेस विधायक ऋतब्रत बनर्जी ने चिंता जताई है। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने की मांग की।

सडर स्ट्रीट के 10 नंबर मकान में टैगोर अपने भाई ज्योतिरिंद्रनाथ और भाभी कादंबरी देवी के साथ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कविता ‘निर्झरेर स्वप्नभंग’ लिखी थी। कभी टैगोर की स्मृतियों से जुड़ा यह स्थान आज घनी आबादी, सस्ते होटलों और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों के बीच अपनी पहचान खोता जा रहा है।

ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बंगाल अपने साहित्यिक और सांस्कृतिक गौरव को धीरे-धीरे भूलता जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि हाल में शहर में हुए भीषण अग्निकांडों के बावजूद टैगोर से जुड़ी ऐतिहासिक इमारत में कथित अवैध होटल कारोबार कैसे चल रहा है।

उन्होंने कहा कि इमारत की संरचनात्मक स्थिति भी चिंताजनक है। सरकार को बिना देरी किए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए और टैगोर से जुड़ी इस धरोहर को संरक्षित करना चाहिए। ऋतब्रत के मुताबिक, केवल स्मारक बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि ऐतिहासिक स्थल की वास्तविक विरासत भी बचानी होगी।

SCROLL FOR NEXT