कोलकाता पुलिस ने जारी किया अलर्ट 
कोलकाता सिटी

ट्रैफिक चालान के नाम पर साइबर ठगी का खतरा

कोलकाता पुलिस ने जारी किया अलर्ट

कोलकाता : ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के नाम पर लोगों को फर्जी संदेश भेजकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों से सावधान रहने के लिए कोलकाता पुलिस ने नागरिकों को सतर्क किया है।

पुलिस के मुताबिक, जालसाज ट्रैफिक विभाग के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर लोगों के मोबाइल पर ऐसे संदेश भेज रहे हैं, जिनमें कथित चालान का भुगतान करने के लिए लिंक दिया जाता है। देखने में ये संदेश आधिकारिक प्रतीत होते हैं, जिससे लोग आसानी से इनके झांसे में आ सकते हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक जुर्माने से संबंधित किसी भी संदिग्ध SMS या लिंक पर क्लिक न करें। ऐसे संदेशों में दिए गए लिंक के जरिए जालसाज लोगों से व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण या अन्य संवेदनशील डेटा हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद खाते से रकम निकालने अथवा वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका रहती है।

फर्जी चालान संदेशों से रहें सावधान

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल मोबाइल पर आए किसी संदेश के आधार पर चालान का भुगतान नहीं करना चाहिए। यदि किसी वाहन चालक को ट्रैफिक जुर्माने की जानकारी मिलती है तो उसे पहले आधिकारिक माध्यम से उसकी पुष्टि करनी चाहिए। अनजान वेबसाइट पर भुगतान करने या निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई है।

संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील

कोलकाता पुलिस ने नागरिकों को विशेष रूप से ऐसे संदेशों से सावधान रहने को कहा है, जिनमें तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है। पुलिस इस तरह की ठगी की शिकायतों और गतिविधियों की जांच कर रही है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध संदेश या ऑनलाइन चालान को कोलकाता पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट अथवा अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही सत्यापित करें। पुलिस के अनुसार, थोड़ी सी सावधानी बरतकर लोग इस तरह की साइबर ठगी से बच सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT