कोलकाता सिटी

कोलकाता में एएआई का राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

देशभर के 25 सेफ्टी मैनेजर ले रहे हैं हिस्सा

Neha Singh

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के क्षेत्रीय मुख्यालय (पूर्वी क्षेत्र) की ओर से सेफ्टी मैनेजर्स के लिए पांच दिवसीय सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से कोलकाता में शुरू हो गया। 27 से 31 जुलाई तक चलने वाले इस अखिल भारतीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न हवाई अड्डों से आए 25 सेफ्टी मैनेजर भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र) हरगोविंद मीणा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एयरपोर्ट निदेशक विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए हरगोविंद मीणा ने कहा कि हवाई अड्डों के सुरक्षित संचालन के लिए सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संभावित सुरक्षा जोखिमों की समय रहते पहचान और उनका प्रभावी प्रबंधन ही सुरक्षित विमानन संचालन की आधारशिला है। इसके लिए सेफ्टी मैनेजर्स का नियमित प्रशिक्षण और क्षमता विकास आवश्यक है।

एयरपोर्ट निदेशक विक्रम सिंह ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान साझा किए जाने वाले अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां एएआई के विभिन्न हवाई अड्डों पर सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने में सहायक होंगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा नीति, जोखिम प्रबंधन, सुरक्षा आश्वासन, सुरक्षा संवर्धन तथा विमानन क्षेत्र से जुड़े नियामकीय प्रावधानों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत सत्र आयोजित किए जाएंगे।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य देशभर के हवाई अड्डों पर मजबूत सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देना, सेफ्टी मैनेजर्स की क्षमता का विकास करना और अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं दक्ष हवाई अड्डा संचालन सुनिश्चित करना है।

SCROLL FOR NEXT