कोलकाता : दुर्गापूजा की खरीदारी और त्योहार से पहले बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कोलकाता मेट्रो ने सप्ताहांत में अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
3 अक्टूबर से 11 अक्टूबर के बीच शनिवार और रविवार को ब्लू, ग्रीन और येलो लाइन पर विशेष अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, इस दौरान पहली और आखिरी ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
शनिवार को तीनों लाइनों पर बढ़ेंगी ट्रेनें
3 और 10 अक्टूबर को ब्लू लाइन पर सामान्य शनिवार की तुलना में 20 अतिरिक्त सेवाएं चलेंगी। इस तरह कुल 272 मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, ग्रीन लाइन पर 24 अतिरिक्त सेवाओं के साथ कुल 236 ट्रेनें चलेंगी। येलो लाइन पर भी 28 अतिरिक्त सेवाएं जोड़ी जाएंगी।
ब्लू लाइन पर सेवाएं शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर, ग्रीन लाइन पर सेक्टर-5 से हावड़ा मैदान और येलो लाइन पर नोआपाड़ा से एयरपोर्ट के बीच उपलब्ध रहेंगी।
रविवार को भी बदलेगा मेट्रो का शेड्यूल
4 और 11 अक्टूबर को भी तीनों लाइनों पर अतिरिक्त मेट्रो चलाई जाएंगी। ब्लू लाइन पर सेवाओं की संख्या 152 से बढ़ाकर 188 की जाएगी। ग्रीन लाइन पर 111 के बजाय 125 सेवाएं मिलेंगी, जबकि येलो लाइन पर कुल 78 सेवाएं चलेंगी।
इसके अलावा एयरपोर्ट से दक्षिणेश्वर तक तीन सीधी मेट्रो सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, पूजा से पहले खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।