कालीघाट मंदिर पहुंचकर मां काली के दर्शन किए
कोलकाता : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचीं। अपने कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने कालीघाट मंदिर में मां काली के दर्शन से की और इसके बाद एक महिला सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और केंद्र की योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला। रेखा गुप्ता ने कहा कि बंगाल की पवित्र धरती पर नारी को देवी के रूप में पूजा जाता है और यह भूमि भारतीय चेतना की जननी रही है। उन्होंने “जय मां दुर्गा” का उद्घोष करते हुए कहा कि जब वह दिल्ली से बंगाल के लिए निकलीं तो उनके मन में एक ही विचार था दिल्ली में भैया थे, उन्हें जनता ने हटा दिया, अब बंगाल में दीदी की बारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र की कई महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे आयुष्मान योजना और राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में रुचि नहीं दिखा रही है। गुप्ता ने कहा कि केंद्र से बंगाल के विकास के लिए बड़ी राशि भेजी जाती है, लेकिन गरीबों तक उसका पूरा लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि जहां महिला मुख्यमंत्री हो, वहां बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आरजी कर अस्पताल की घटना सहित विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए राज्य की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि ऐसे मामलों ने पूरे देश को झकझोर दिया है। घुसपैठ, शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए गुप्ता ने दावा किया कि बंगाल में कई स्कूल बंद पड़े हैं और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सम्मान और सुरक्षा की हकदार है। अपने भाषण के अंत में रेखा गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भाजपा को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि अब समय बदलाव का है और राज्य में नई सरकार लाने की जरूरत है।