कोलकाता : शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने और धोखाधड़ी करने के आरोप में रिजेंट पार्क थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम सौमेंदु अधिकारी है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे 4 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। शिकायतकर्ता महिला के वकील दीपांकर बसु ने बताया कि सौमेंदु और पीड़िता की मुलाकात सोशल मीडिया और एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई। आरोप है कि इस दोस्ती का फायदा उठाकर सौमेंदु पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर घुमाने ले गया, जहां दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी सौमेंदु ने महिला से शादी करने का पक्का वादा किया था और इसी का झांसा देकर वह लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया। ठगी और शोषण का शिकार होने के बाद पीड़िता ने रिजेंट पार्क थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की और शुक्रवार को आरोपी सौमेंदु अधिकारी को धर दबोचा।