पार्टी ने आरोपी भाजपा नेता को किया सस्पेंड
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बेहला में भाजपा के एक स्थानीय नेता पर एक प्रमोटर से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। प्रमोटर की पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी तुहिन पाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई में भी हलचल मच गई है। पार्टी ने आरोपी नेता को सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। साथ ही अनुशासन समिति ने उन्हें फिलहाल सस्पेंड कर दिया है। हालांकि, तुहिन पाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा, ‘मेरी ही पार्टी के कुछ नेता चुनाव के बाद हिंसा और जबरन वसूली को बढ़ावा दे रहे हैं। उनके खिलाफ आवाज उठाने की वजह से मुझे निशाना बनाया जा रहा है। मैं गुटबाजी का शिकार हूं। मैंने संबंधित प्रमोटर के खिलाफ भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से यह जांच करने का अनुरोध किया है कि मेरे खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए उसे किसने उकसाया।’
क्या है पूरा मामला
बेहाला के बनमाली नस्कर रोड निवासी काशीनाथ मंडल पेशे से निर्माण व्यवसायी हैं। वह कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या 117 में एक प्रमोटिंग का काम कर रहे हैं। आरोप है कि बुधवार को भाजपा के स्थानीय नेता तुहिन पाल ने उन्हें बुलाया और खुद को पार्टी के बेहला मंडल (2) का अध्यक्ष बताया। काशीनाथ मंडल की पत्नी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि तुहिन पाल और उसके सहयोगियों ने उनके पति को जबरन रोक लिया तथा निर्माण कार्य जारी रखने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर परियोजना का काम बंद कराने की धमकी भी दी गई। गुरुवार रात काशीनाथ मंडल की पत्नी ने बेहाला थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूत्रों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं निकलने के बाद काशीनाथ मंडल ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से शिकायत की। इसके बाद पार्टी ने आरोपी नेता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। इधर. पुलिस की ओर से भी मामले की जाचं की जा रही है।