अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंगलाल हलदार 
कोलकाता सिटी

प्रादेशिक कांग्रेस अध्यक्ष ने हटबे पीएचसी के डीजी सेट की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई

सन्मार्ग, संवाददाता

श्रीविजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंगलाल हलदार ने अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखकर लिटिल अंडमान के हटबे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित डीजल जनरेटर सेट की तत्काल मरम्मत, रखरखाव अथवा प्रतिस्थापन की मांग की है। अपने पत्र में रंगलाल हलदार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हटबे में लगे मौजूदा डीजी सेट की खराब और गैर-कार्यशील स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि खराब डीजी सेट स्वास्थ्य केंद्र को निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने में असमर्थ है, जिससे विशेष रूप से बिजली कटौती के दौरान मरीजों को गंभीर परेशानियों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण आपातकालीन उपचार, दवाओं और टीकों के भंडारण तथा अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधाओं सहित आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हटबे जैसे दूरस्थ द्वीपीय क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य संस्थान के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मौजूदा डीजी सेट की तत्काल मरम्मत और उचित रखरखाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की। अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने यह भी अनुरोध किया कि यदि वर्तमान डीजी सेट की मरम्मत संभव नहीं है, तो हटबे और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के हित तथा जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नया डीजी सेट उपलब्ध कराया जाए।

SCROLL FOR NEXT