राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राजपुर-सोनारपुर पालिका क्षेत्र को स्मार्ट सिटी बनाने का संकल्प भाजपा विधायक देवाशीष धर ने व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सोनारपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों के जरिए नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। ये बातें उन्होंने 15वें वित्त आयोग विकास फंड को लेकर जिला परिषद भवन स्थित भाजपा नेता अनिमेष मंडल के कार्यालय में आयोजित एक सभा के बाद सन्मार्ग से बातचीत के दौरान कहीं। विधायक ने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है। इसके बाद विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है । उन्होंने बताया कि सोनारपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। सोनारपुर में ‘खेलो इंडिया’, स्टार्टअप, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई समेत लगभग 25 विभिन्न क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही कई स्थानों में भी आधारभूत विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग के फंड का उपयोग सड़क मरम्मत, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पंचायत भत्ता और अन्य सरकारी विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सतगछिया के भाजपा विधायक अग्नीश्वर नस्कर सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। सभा में क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।