सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

भाजपा कार्यकर्ता का गला कटा शव मिलने से मचा हड़कंप

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बीजेपी कार्यकर्ता का गला कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे रिश्तों में तनाव या राजनीतिक दुश्मनी या फिर कोई और वजह है? बता दें कि सोमवार रात रायदीघी के दिघिरपाड़ ग्राम पंचायत के 216 नंबर बूथ के मेना इलाके में एक युवक की गला काटकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का नाम किशोर दास है और वह मेना इलाके का ही निवासी था। इस घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि किशोर स्थानीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का कार्यकर्ता था। बीजेपी के स्थानीय नेताओं का दावा है कि वह पार्टी का सक्रिय सदस्य था। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक रंजिश के चलते तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उसकी हत्या कर दी है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा अपनी आंतरिक गुटबाजी को छिपाने के लिए तृणमूल पर झूठा आरोप लगा रही है। इस बीच मामले में एक और पहलू सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में किशोर की पत्नी और उसके कथित प्रेमी सहित कुल तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि आपसी संबंधों में तनाव के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद मृतक के परिवार से मिलने रायदीघी के बीजेपी उम्मीदवार पलाश राणा पहुंचे और मामले की पूरी जांच की मांग की। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार यह घटना त्रिकोणीय प्रेम के कारण घटी है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी अनिमा दास और उसके प्रेमी गोविंद हालदार को गिरफ्तार कर लिया है।


SCROLL FOR NEXT