कोलकाता : पश्चिम बंगाल के हावड़ा-मालदा डिवीजन में मुर्शिदाबाद जिले के न्यू फरक्का में रेलवे ट्रैक के नीचे जमीन धंसने से उत्तर और दक्षिण बंगाल के बीच रेल यातायात प्रभावित हो गया है।
जानकारी के अनुसार भारी बारिश के बाद तिलडांगा और न्यू फरक्का रेलवे स्टेशनों के बीच यह घटना हुई। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया।
कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
पूर्व रेलवे के मुताबिक, शुक्रवार को चलने वाली हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22301/22302) को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा हावड़ा–बालुरघाट एक्सप्रेस (13063) और हावड़ा–राधिकापुर कुलिक एक्सप्रेस (13053) की सेवा भी रद्द की गई।
वहीं गुरुवार को सियालदह–सहरसा हाटे बाजार एक्सप्रेस (13169) और मालदा टाउन–गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।
कई ट्रेनों का बदला गया रूट, मरम्मत का काम जारी
रेलवे के अनुसार, चेन्नई और तिरुचिरापल्ली से न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली कुछ ट्रेनों को नलहाटी और आजिमगंज के रास्ते डायवर्ट किया गया। वहीं, मालदा टाउन–आनंद विहार एक्सप्रेस (13429) को भी वैकल्पिक मार्ग से चलाया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रैक के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है और दोपहर तक ट्रैक को बहाल करने की कोशिश जारी है। भारी बारिश के कारण फरक्का, धुलियन और मुर्शिदाबाद के उत्तरी हिस्सों में भी स्थिति प्रभावित हुई है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ताजा जानकारी हासिल करने की सलाह दी है।