सांकेतिक चित्र  
कोलकाता सिटी

चीनी और प्याज की कालाबाजारी रोकने के लिए बाजारों में छापेमारी

बढ़े दामों के बीच बाजारों में उतरेंगी ईबी की 10 टीमें

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : चीनी और प्याज समेत कई खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच कोलकाता पुलिस की इंफोर्समेंट ब्रांच (ईबी) मंगलवार से महानगर के विभिन्न बाजारों में विशेष अभियान चलाएगी। कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूलने पर रोक लगाने के लिए ईबी की 10 टीमें बाजारों का निरीक्षण करेंगी। इस अभियान में खाद्य विभाग और कोलकाता नगर निगम के अधिकारी भी पुलिस के साथ रहेंगे। लालबाजार के निर्देश पर कोलकाता पुलिस के 10 डिविजनों में संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। सोमवार से ही पुलिस अधिकारियों ने उन बाजारों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी, जहां मंगलवार की सुबह से जांच अभियान चलाया जाएगा। इस सिलसिले में ईबी के अधिकारियों ने सोमवार को खाद्य विभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

चीनी, प्याज और लहसुन के दाम बढ़े

सूत्रों के अनुसार, पिछले दो सप्ताह में कई जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। पुलिस द्वारा तैयार सूची के मुताबिक, चीनी की कीमत 58 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 66 रुपये हो गई है। वहीं, चावल की कीमत में करीब 3 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। इसी तरह प्याज 48 रुपये से बढ़कर 57 रुपये प्रति किलो और लहसुन 190 रुपये से बढ़कर 215 रुपये प्रति किलो हो गया है। वहीं, सरसों तेल की कीमत भी 200 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है।

कुछ सब्जियों के दाम घटे

सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कुछ सब्जियों की कीमतों में कमी भी आई है। अदरक की कीमत 205 रुपये से घटकर 200 रुपये, बैंगन 70 से घटकर 60 रुपये, हरी मिर्च 90 से घटकर 70 रुपये, करेला 65 से घटकर 55 रुपये और भिंडी 55 से घटकर 45 रुपये प्रति किलो हो गई है। आलू की कीमत फिलहाल 13 रुपये प्रति किलो बताई गई है।

छोटे बाजार और किराना दुकानों पर भी नजर

पुलिस का कहना है कि सूची में दर्ज कीमतों पर खाद्य वस्तुएं मुख्य रूप से शहर के बड़े बाजारों में उपलब्ध हैं। वहीं, छोटे बाजारों और किराना दुकानों में कई वस्तुएं इससे अधिक कीमत पर बेची जाने की शिकायतें मिल रही हैं। ईबी के अधिकारियों के अनुसार, थोक बाजार से सामान कई बिचौलियों के हाथों होते हुए शहर के छोटे बाजारों तक पहुंचता है। इसी वजह से खुदरा बाजार में कीमतें कम नहीं हो पा रही हैं।

स्टॉक और बिक्री मूल्य की होगी जांच

ईबी के 10 डिविजनों में गठित प्रत्येक टीम में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर समेत करीब चार से पांच पुलिसकर्मी होंगे। इनके साथ खाद्य विभाग और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। संयुक्त टीमें बाजारों में चीनी, प्याज समेत संबंधित खाद्य वस्तुओं के स्टॉक और बिक्री मूल्य का मिलान करेंगी। पुलिस यह भी जांच करेगी कि कहीं व्यापारी जानबूझकर सामान जमा कर कालाबाजारी तो नहीं कर रहे हैं या निर्धारित कीमत से अधिक पर खाद्य वस्तुओं की बिक्री तो नहीं हो रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य बाजार में जरूरी खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना और कृत्रिम रूप से कीमत बढ़ाने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाना है।

SCROLL FOR NEXT