कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के पूर्व मेयर और तृणमूल कांग्रेस ऋतब्रत गुट के नेता फिरहाद हकीम से जुड़ी दो कंपनियों के न्यू अलीपुर स्थित कार्यालयों में गुरुवार को तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विश्वजीत बसु की अध्यक्षता वाले विशेष आयोग की तीन सदस्यीय टीम के नेतृत्व में की गई।
टीम के साथ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। तलाशी जिन दो कंपनियों के कार्यालयों में की गई, उनके नाम ‘हकीम पॉलिमेकर्स प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘हकीम केमिकल्स’ बताए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच टीम ने दोनों कंपनियों से संबंधित दस्तावेजों, संपत्तियों की खरीद-फरोख्त और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। अभियान के दौरान कार्यालयों में काफी देर तक दस्तावेजों और अन्य जानकारियों को खंगाला गया।
संपत्ति और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच
तलाशी अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या संभावित विरोध से निपटने के लिए न्यू अलीपुर थाने से भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। विशेष आयोग की टीम ने पुलिस के सहयोग से कंपनियों के विभिन्न दस्तावेजों की पड़ताल की।
हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि तलाशी किस विशेष शिकायत, मामले या आरोप के आधार पर की गई। यह भी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है कि जांच के दौरान टीम के हाथ कौन-कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज या जानकारियां लगी हैं।
कार्रवाई के समय मौके पर नहीं थे फिरहाद हकीम
सूत्रों के मुताबिक, जब तलाशी अभियान शुरू हुआ, उस समय फिरहाद हकीम उर्फ बॉबी हकीम या उनके परिवार का कोई सदस्य संबंधित कार्यालयों में मौजूद नहीं था। पूरे मामले पर हकीम की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जांच पूरी होने और आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर आयोग की अगली कार्रवाई और उसकी रिपोर्ट पर बनी हुई है।