फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पॉलीटेक्निक कॉलेज में छात्र से रैगिंग का आरोप

काशीपुर थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत

कोलकाता : महानगर के एक पॉलिटेक्निक कॉलेज में रैगिंग का मामला सामने आने से शैक्षणिक जगत में हड़कंप मच गया है। संस्थान के प्रभारी प्राचार्य की लिखित शिकायत के आधार पर काशीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, 13 फरवरी 2026 से पहले किसी समय कॉलेज परिसर में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा के द्वितीय और तृतीय वर्ष के कुछ अज्ञात छात्रों ने प्रथम वर्ष के एक छात्र को कथित रूप से रोक लिया। आरोप है कि इन छात्रों ने सामूहिक मंशा से उसे जबरन पुश-अप्स करने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।

प्राचार्य ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह कृत्य स्पष्ट रूप से रैगिंग की श्रेणी में आता है, जो कि कानूनन दंडनीय अपराध है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की घटनाएं न केवल नए छात्रों के मनोबल को तोड़ती हैं, बल्कि संस्थान के शैक्षणिक और अनुशासनात्मक वातावरण को भी प्रभावित करती हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित छात्रों की पहचान करने के लिए कॉलेज प्रशासन से सहयोग लिया जा रहा है। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई स्पष्ट हो सके।

कॉलेज प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि रैगिंग जैसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT