File Photo 
कोलकाता सिटी

कालीघाट में रवींद्र जयंती, ममता की मौजूदगी पर नजर

प्रशासनिक अनुमति नहीं, कालीघाट में होगा आयोजन

कोलकाता: रवींद्र जयंती के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिस समय शुभेंदु अधिकारी ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद का शपथ लेंगे, उसी समय तृणमूल कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व रवींद्र जयंती के आयोजन पर ध्यान केंद्रित करेगा।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से इसे एक गैर-राजनीतिक संगठन के बैनर तले आयोजित करने के लिए तीन स्थानों पर अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से किसी भी स्थान पर अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद कार्यक्रम को कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री के आवास के निकट स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम में रवींद्रनाथ ठाकुर की जयंती के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसमें इंद्रनील सेन, बाबुल सुप्रियो सहित कई कलाकारों के गीतों की प्रस्तुति शामिल होगी। पार्टी से जुड़े कलाकार और सांस्कृतिक कार्यकर्ता भी इसमें भाग लेंगे, जिससे पूरा वातावरण रवींद्र स्मरण में समर्पित रहेगा।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम में स्वयं ममता बनर्जी के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों की भी नई शुरुआत मानी जा रही है। पार्टी की योजना है कि “कविप्रणाम” के बाद आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की शुरुआत की जाए।

पार्टी का दावा है कि आगामी आंदोलन जनता के जनादेश और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में होगा। तृणमूल नेताओं के अनुसार, मतदाता सूची में गड़बड़ी, ईवीएम में कथित छेड़छाड़ और मतगणना के दौरान अनियमितताओं के मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके साथ ही कानूनी लड़ाई भी जारी रहेगी।

SCROLL FOR NEXT