फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पूजा से पहले दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड को नया नेतृत्व

महिला सुरक्षा पर खास फोकस

Deepak Mishra

112 पर कॉल मिलते ही जीपीएस से ट्रैक होगी नजदीकी बाइक टीम,

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

दुर्गा पूजा से पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोलकाता पुलिस ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड में बदलाव करते हुए इसकी कमान और निगरानी वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। पूजा के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के लिए बाइक पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को कंट्रोल रूम से सीधे जोड़ा जाएगा। पुलिस के संशोधित आदेश के अनुसार डीसी डीडी (स्पेशल) शैलजा दास स्क्वॉड की समग्र निगरानी करेंगी।

112 पर सूचना, मौके पर पहुंचेगी नजदीकी टीम

पुलिस सूत्रों के अनुसार किसी महिला को परेशानी होने पर 112 पर कॉल करने के बाद कंट्रोल रूम से नजदीकी दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड की बाइक टीम को सक्रिय किया जाएगा। कंट्रोल रूम जीपीएस के जरिए बाइक टीम की लोकेशन ट्रैक करेगा और सबसे नजदीकी टीम को संदेश भेजकर मौके पर पहुंचने का निर्देश देगा। छोटी या सामान्य शिकायत होने पर बाइक टीम मौके पर ही समस्या का समाधान करने का प्रयास करेगी। मामला गंभीर होने पर संबंधित थाना प्रभारी (ओसी) और अन्य अधिकारियों को तत्काल सूचना दी जाएगी। निर्देश है कि जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालेंगे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

99 महिला कांस्टेबल बाइक से करेंगी गश्त

दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड की टीम-ए में 99 महिला कांस्टेबल शामिल हैं। पीटीएस बैरक की ए-1 यूनिट में 62 और राजडांगा बैरक की ए-2 यूनिट में 37 महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगी। वहीं, टीम-बी में 48 महिला कांस्टेबल पिंक बूथ और चार पहिया वाहनों से गश्त करेंगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देश

दुर्गा पूजा से पहले गुरुवार को हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अधिकारियों और स्क्वॉड के सदस्यों को जिम्मेदारियों को लेकर निर्देश दिए गए। खासतौर पर महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित रिस्पॉन्स, मौके पर पहुंचने और जरूरत पड़ने पर स्थानीय थाने को तत्काल सूचना देने पर जोर दिया गया। पुलिस की नई व्यवस्था का मकसद पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और किसी भी शिकायत पर रिस्पॉन्स टाइम को कम करना है।
SCROLL FOR NEXT