अलीपुर थाना अंतर्गत पीटीएस स्थित कमांडो बैरक की घटना
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
अलीपुर थाना क्षेत्र स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल परिसर में शनिवार की सुबह एक कमांडो का शव बैरक के शौचालय में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान कालिम्पोंग के सेवेन माइल निवासी दीपक तमांग के रूप में हुई है। वह कोलकाता पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रैंक के कमांडो थे। घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 9:50 बजे कमांडो बैरक की तीसरी मंजिल पर स्थित शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। सहकर्मियों ने जब दरवाजा तोड़ा, तो दीपक को पाइपलाइन से गमछे के सहारे लटका देखा। आनन-फानन में फंदे को काटकर उन्हें नीचे उतारा गया और तत्काल एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विभागीय जांच शुरू, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
दीपक तमांग पिछले कई वर्षों से कोलकाता पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में ड्रिल इंस्ट्रक्टर (डीआई) के पद पर तैनात थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें बल के एक सम्मानित और कुशल सदस्य के रूप में जाना जाता था। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल मामले में कोई औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस ने असामान्य मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी उनके सहकर्मियों से पूछताछ कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वह किसी व्यक्तिगत या पेशेवर तनाव से गुजर रहे थे।