रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
बजबज : पूजाली नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 का संपर्क हुगली नदी से है। इसी स्थान पर कंक्रीट का एक अत्याधुनिक स्लूइस गेट बनाने की पहल की गई है। इसके लिए राज्य के सिंचाई विभाग ने 33 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस विशाल स्लूइस गेट में 10 कपाट होंगे। बरसात के दौरान जमा पानी की त्वरित निकासी के साथ-साथ महेशतला– ठाकुरपुकुर और बजबज ब्लॉक में कृषि कार्यों में भी यह स्लूइस गेट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सिंचाई विभाग और दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन के अधिकारियों के सूत्रों से यह जानकारी मिली है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का दावा है कि चालू वर्ष में ही, मानसून से पहले इस अत्याधुनिक स्लूइस गेट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रथम चरण का काम पहले ही शुरू हो चुका है। पूजाली नगरपालिका के प्रशासक तापस विश्वास ने बताया कि इस परियोजना में स्थानीय लोगों ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सांसद अभिषेक बनर्जी की पहल से इस परियोजना को गति मिली है। कोलकाता नगर निगम के बेहला और ठाकुरपुकुर से लेकर महेशतला तथा बजबज क्षेत्र का पानी दो प्रमुख खालों के माध्यम से हुगली नदी में गिरता है—एक चरियाल खाल और दूसरी बुइता खाल। चरियाल खाल बजबज थाने के पास से होकर बहता है, जबकि बुइता खाल पूजाली नगरपालिका के कई वार्ड क्षेत्रों से होकर हुगली नदी में मिलता है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 1971 में पालपाड़ा में एक कंक्रीट स्लूइस गेट बनाया गया था, जो अब जर्जर हो चुका है। पहले उसी गेट से निकासी का पानी बाहर निकलता था और बाद में हुगली नदी से सिंचाई का पानी अंदर आता था। बजबज क्षेत्र में खालों की गहराई कम होने के कारण अधिकांश निकासी जल बुइता खाल के जरिए बाहर जाता है। फिलहाल नये स्लूइस गेट के निर्माण के लिए पालपाड़ा क्षेत्र में अस्थायी बांध बनाए जा रहे हैं, ताकि हुगली नदी का पानी भीतर प्रवेश न कर सके। साथ ही, पालपाड़ा क्षेत्र में भी एक अस्थायी बांध निर्माण का काम जारी है। इसके बन जाने से कई विधानसभा क्षेत्रों में सिंचाई के लिए सुविधाएं मिलेंगी।