सिद्दीकुल्लाह चौधरी (बीच में) 
कोलकाता सिटी

बांकड़ा मस्जिद के समर्थन में आज प्रदर्शन

सिद्दीकुल्लाह चौधरी के आह्वान पर एक करोड़ लोगों के जुटने का दावा

कोलकाता : भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की कार्रवाई के विरोध में बांकड़ा मस्जिद कमेटी शुक्रवार को विशाल शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी। पूर्व मंत्री एवं जमीयत उलेमा-ए-हिंद के नेता सिद्दीकुल्लाह चौधरी के आह्वान पर बांकड़ा मस्जिद परिसर में संयुक्त जुमे की नमाज़ अदा की जाएगी, जिसके बाद विरोध सभा आयोजित होगी।

आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम में करीब एक करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संख्या की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आयोजकों ने प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अनुशासित बनाए रखने की अपील की है।

प्रदर्शन की पूर्व संध्या पर कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने आरोप लगाया कि वर्ष 1890 में स्थापित ऐतिहासिक बांकड़ा-गौरीपुर मस्जिद में स्थानीय मुस्लिम समुदाय लंबे समय से शांतिपूर्वक नमाज़ अदा करता आ रहा है।

उनका दावा है कि इस बार भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने बिना किसी पूर्व सूचना या आदेश के नमाज़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी, जो संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा, "नमाज़ अदा करना हमारा संवैधानिक अधिकार है और इसे कोई नहीं रोक सकता।"

चौधरी ने स्थानीय भाजपा विधायक सौरव सिकदर पर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश का आरोप लगाया। साथ ही भाजपा से राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग भी की।

मस्जिद कमेटी के अनुसार, 11 जुलाई से एयरपोर्ट के गेट संख्या-7 के समीप स्थित मार्ग बंद किए जाने के कारण नमाज़ियों को मस्जिद तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। कमेटी का आरोप है कि यह कदम बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उठाया गया।

वहीं, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण का कहना है कि हवाईअड्डे की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं।

SCROLL FOR NEXT