कोलकाता सिटी

प्रेरणा फाउंडेशन ट्रस्ट ने चीफ सेक्रेटरी और KMC अधिकारियों के साथ की बैठक

चीफ सेक्रेटरी को हेस्टिंग में नए आधुनिक तकनीक से बनने वाले श्मशान घाट की विस्तृत जानकारी दी गई

Rambalak

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के चीफ सेक्रेटरी मनोज अग्रवाल एवं केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडे के साथ प्रेरणा फाउंडेशन ट्रस्ट बोर्ड के चेयरमैन सज्जन भजनका, सचिव पवन कुमार टिबड़ेवाल एवं ट्रस्टीगण हेमंत बांगड़, अपूर्व सलारपुरिया एवं गोपाल टांटिया ने नवान्न में मिलकर एक औपचारिक बैठक की। सर्वप्रथम प्रेरणा की टीम ने पुष्पगुच्छ देकर बंगाल के चीफ सेक्रेटरी का अभिवादन किया। तत्पश्चात उन्होंने कोलकाता महानगर में प्रेरणा फाउंडेशन की चल रही सेवामूलक गतिविधियों से दोनों अधिकारियों को अवगत कराया। प्रेरणा फाउंडेशन के ट्रस्ट बोर्ड द्वारा मुख्य रूप से चीफ सेक्रेटरी मनोज अग्रवाल को साउथ कोलकाता के हेस्टिंग में नए आधुनिक तकनीक से बनने वाले श्मशान घाट (न्यू क्रीमीटोरियम) की विस्तृत जानकारी दी गई एवं इसके शुरू होने से दक्षिण कोलकाता के हिंदी भाषी समाज को अपने मृतक परिजनों के अंतिम संस्कार में बहुत सहूलियत रहेगी एवं इससे अन्य श्मशान घाटों पर लोड भी कम हो जाएगा, जिससे सभी घाटों पर दैनिक व्यवस्था में काफी सुधार हो पाएगा। इसके साथ ही ट्रस्ट बोर्ड ने प्रेरणा फाउंडेशन के अन्य कई निर्माणधीन सेवामूलक प्रोजेक्ट्स की विस्तृत जानकारी भी उन्हें प्रदान करते हुए फाउंडेशन की अन्य भावी योजनाओं से भी अवगत कराया। मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र चमड़िया ने बताया कि चर्चा के दौरान दोनों शीर्ष पदाधिकारियों ने अनूठे मॉडल के तहत प्रेरणा फाउंडेशन के इन सभी कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें वर्तमान में चल रहे सभी सेवा कार्यों में तथा अन्य सभी भावी सेवा योजनाओं में बंगाल सरकार के साथ-साथ निगम की ओर से भी पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है, जिससे प्रेरणा फाउंडेशन की सेवाएँ, बिना किसी रुकावट के समाज के अंतिम व्यक्ति तक आसानी से पहुंच सके। स्टेट चीफ सेक्रेटरी एवं निगम की कमिश्नर के साथ हुई इस बैठक से प्रेरणा फाउंडेशन के ट्रस्ट बोर्ड ने संतुष्ट होकर आनेवाले समय में सरकार एवं कॉर्पोरेशन के सहयोग से सफलतम परिणामों की उम्मीद जताई है।

SCROLL FOR NEXT