कोलकाता सिटी

बांधाघाट और शिवपुर श्मशान घाट के जीर्णोद्धार की जिम्मेदारी प्रेरणा फाउंडेशन को

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :  हावड़ा के बांधाघाट एवं शिवपुर श्मशान घाट के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की दिशा में पहल शुरू हुई है। मंत्री उमेश राय ने हावड़ा नगर निगम के सचिव, संयुक्त आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों के साथ दोनों श्मशान घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रेरणा फाउंडेशन के ट्रस्टी पवन टिबरेवाल और गोपाल टांटिया भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान दोनों श्मशान घाटों की मौजूदा स्थिति और यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। मंत्री ने कहा कि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए घाटों का जल्द जीर्णोद्धार और नवीनीकरण जरूरी है।

गंगा तट पर स्थित इन दोनों प्रमुख श्मशान घाटों में आधुनिक सुविधाओं के साथ 24 घंटे अंतिम संस्कार की व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। मीडिया प्रभारी सुरेंद्र चमड़िया ने बताया कि प्रेरणा फाउंडेशन निमतल्ला, केवड़ातल्ला, जजेज घाट, अहिरीटोला घाट और तपसिया हिंदू ब्यूरीयल ग्राउंड समेत कई अंतिम संस्कार स्थलों के विकास एवं सेवा कार्यों से जुड़ा है। मंत्री के अनुरोध पर पवन टिबरेवाल ने दोनों घाटों के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। पवन टिबरेवाल और गोपाल टांटिया जल्द ही दोनों घाटों का विस्तृत अध्ययन कर विकास की संभावनाओं पर रिपोर्ट मंत्री के समक्ष पेश करेंगे।

SCROLL FOR NEXT