प्रकाश जोशी 
कोलकाता सिटी

प्रकाश जोशी बने नए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी

गुलाम अहमद मीर को तमिलनाडु और पुडुचेरी की जिम्मेदारी

कोलकाता : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने संगठनात्मक फेरबदल के तहत वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी को पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, अब तक पश्चिम बंगाल के प्रभारी रहे गुलाम अहमद मीर को तमिलनाडु और पुडुचेरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रकाश जोशी की नियुक्ति पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के बीच जोशी का अनुभव और संगठनात्मक क्षमता पार्टी के लिए लाभदायक साबित होगी।

शुभंकर सरकार ने पूर्व प्रभारी गुलाम अहमद मीर के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल कांग्रेस को मजबूत बनाने और संगठन को सक्रिय रखने में मीर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और अथक प्रयासों को प्रदेश कांग्रेस हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगी। साथ ही उन्होंने मीर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

सूत्रों के अनुसार, प्रकाश जोशी जल्द ही कोलकाता का दौरा करेंगे। इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में सदस्यता अभियान, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि इस बदलाव से पश्चिम बंगाल में संगठन को नई गति मिलेगी और पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना कर सकेगी।

SCROLL FOR NEXT