कोलकाता : विधानसभा में बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों की गिरफ्तारी संबंधी मुख्यमंत्री की टिप्पणी के बाद सियासी टकराव और तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने मुख्यमंत्री को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि गिरफ्तारी की धमकी से कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।
शुभंकर सरकार ने कहा, “धमकी देकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को कभी दबाया नहीं जा सका और आगे भी नहीं दबाया जा सकेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि बागेश्वर बाबा के कथित आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने और एफआईआर दर्ज कराने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को राज्य के प्रत्येक थाने में एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है। जिन थानों में अब तक एफआईआर नहीं हुई है, वहां दिल्ली से लौटने के बाद वे खुद पहुंचेंगे और अभियान का नेतृत्व करेंगे।