विधाननगर : बिधाननगर शहर की रात्रि सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट ने अनूठी पहल की है। एक निजी संस्था के सहयोग से नारायणपुर पुलिस स्टेशन को 11 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई हैं, जिन्हें शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रात्रि गश्त के लिए रवाना किया गया।
नारायणपुर पुलिस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधाननगर के पुलिस कमिश्नर मुकेश कुमार, डीसी (ट्रैफिक) नीमा नूरबू भूटिया, डीसी (न्यू टाउन) मानव सिंगला, नारायणपुर थाने के प्रभारी महेश दास तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इन स्कूटी को विधिवत रूप से पुलिस बल को सौंपा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये ईको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक स्कूटी संकरी गलियों और ट्रैफिक जाम वाली जगहों पर तेजी से पहुंचने में मदद करेंगी। इससे रात के समय गश्त की संख्या और प्रभाव बढ़ेगा तथा किसी भी अप्रिय घटना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी।
कमिश्नर मुकेश कुमार ने कहा, “यह छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पहल है। इन स्कूटी से न केवल प्रदूषण कम होगा बल्कि हमारे जवानों को रात में त्वरित कार्रवाई करने में बड़ी सुविधा मिलेगी। शहर की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए हम लगातार नए कदम उठा रहे हैं।” नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार से ही इन 11 इलेक्ट्रिक स्कूटी के साथ रात्रि गश्त शुरू हो गयी है।