कोलकाता : रामनवमी को लेकर कोलकाता पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। रामनवमी के दिन शोभायात्राएं केवल कुछ विशिष्ट मार्गों पर ही निकली जाएंगी। उन मार्गों पर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। वहीं, राज्य के 10 जिलों और पुलिस कमिश्नरेट को संवेदनशील घोषित किया गया है। आसनसोल, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना सहित जिलों और जिला कमिश्नरेट को सतर्क कर दिया गया है। इन 10 जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में 29 आईपीएस अधिकारी भेजे जा रहे हैं। पुलिस इस पर नजर रख रही है ताकि किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में जल्द से जल्द व्यवस्था की जा सके। लालबाजार के सूत्रों ने बताया कि रामनवमी पर कोलकाता में कुल 59 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें पांच प्रमुख शोभायात्रा शामिल हैं। यह इंटाली, पिकनिक गार्डन, सेंट्रल एवेन्यू, हेस्टिंग्स, काशीपुर से शुरू होंगी। प्रत्येक जुलूस में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा। पुलिस कमिश्नर ने आदेश दिया है कि रामनवमी जुलूस में भाग लेने वाले पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मी 'सुरक्षात्मक उपकरण' पहनेंगे। निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई ईंट या बोतलों से हमला करता है तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करे।
इसके अलावा शोभायात्रा पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। शोभायात्रा के आगे और पीछे पुलिस चलेगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस वाहन भी उपलब्ध रहेंगे। आसपास की सड़कों पर पुलिस गश्ती गाड़ियां मौजूद रहेंगी। पुलिस ने आदेश दिया है कि बाइक से रैली नहीं निकाली जा सकती। शोभायात्रा केवल एक विशिष्ट मार्ग पर ही निकाली जा सकती है। यदि कोई दूसरे मार्ग पर मार्च करेगा तो पुलिस उसे रोक देगी। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। साथ ही, पुलिस यह सुनिश्चित करने पर भी नजर रखेगी कि हथियारों के साथ कोई जुलूस न निकाला जाए या जुलूस में शामिल किसी व्यक्ति के पास हथियार न हो। प्रत्येक जुलूस मार्ग पर विशेषकर बड़ी शोभायात्रा के मार्गों पर, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस सीसीटीवी मॉनिटर पर नजर रखेगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी पर भी बॉडी कैमरा लगा होगा। पुलिस ने कहा कि यदि कोई दिक्कत होगी तो कैमरे की फुटेज देखकर व्यवस्था की जाएगी।