फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

जेयू हिंसा: सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस

जेयू प्रबंधन को पुलिस ने नोटिस भेज मांगी सीसीटीवी फुटेज

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: जादवपुर यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। लालबाजार की टीम ने कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर कथित उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि हंगामे में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्धों की पहचान की पुष्टि के लिए छात्रों, शिक्षकों और सुरक्षा गार्डों से भी पूछताछ की जाएगी। लालबाजार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान पुख्ता होने के बाद उन्हें नोटिस भेजकर जांच अधिकारी के सामने थाने में पेश होने के लिए कहा जाएगा। कैंपस में तोड़फोड़, छात्रों के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी की घटना के एक दिन से अधिक समय बाद शुक्रवार को जादवपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12:37 बजे कुछ लोग कथित तौर पर जबरन कैंपस में घुसे। आरोप है कि उन्होंने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और कुछ सामान में आग लगा दी, जिससे परिसर में मौजूद लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो गया। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे भी तोड़फोड़ का सिलसिला जारी रहा। आरोप है कि पुरुषों और महिलाओं के एक समूह ने यूनिवर्सिटी के प्रतीक चिह्न समेत उससे जुड़ी वस्तुओं को नुकसान पहुंचाया ।मामले में गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने, दंगा, आगजनी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आपराधिक धमकी और अनधिकृत प्रवेश (ट्रेसपास) समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संबंधित कानून की धाराएं भी लगाई गई हैं। इनमें कुछ धाराएं गैर-जमानती हैं। जेयू प्रशासन ने शुक्रवार को पुलिस को बताया था कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखी गई है और जांच में पुलिस को पूरा सहयोग दिया जाएगा। पुलिस अब इसी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


SCROLL FOR NEXT