नयना बंद्योपाध्याय 
कोलकाता सिटी

विधानसभा में 'हस्ताक्षर' के बाद नयना बंद्योपाध्याय के घर पहुंची पुलिस

शपथ के बाद हस्ताक्षर पर विवाद, हुई पूछताछ

कोलकाता : टीएमसी विधायक नयना बंद्योपाध्याय के घर गुरुवार को सीआईडी की टीम पहुंची। उस समय वह ईद के कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण घर पर मौजूद नहीं थीं। बताया गया है कि अधिकारियों ने उनसे वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में चौरंगी सीट से चुनाव जीतकर विधायक बनीं नयना बंद्योपाध्याय ने विधानसभा में शपथ भी ली थी लेकिन शपथ ग्रहण के दौरान किए गए उनके हस्ताक्षर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विधानसभा के प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया कि नयना बंद्योपाध्याय के हालिया हस्ताक्षर उनके पुराने हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाते। इसी शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। गुरुवार दोपहर सीआईडी अधिकारी एक हैंडराइटिंग एक्सपर्ट को साथ लेकर उनके घर पहुंचे।

सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम हस्ताक्षरों की सत्यता की पड़ताल कर रही है। हालांकि, जिस दिन हस्ताक्षर किए गए थे, उस दिन नयना बंद्योपाध्याय विधानसभा में मौजूद थीं और उन्होंने प्रोटेम स्पीकर के समक्ष शपथ ग्रहण भी किया था। फिलहाल सीआईडी की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

नयना ने इस संबंध में कहा, यह एक बेहद साधारण त्रुटि है। मैंने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की कि यह मेरा ही हस्ताक्षर है, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। उन्होंने मेरा पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए। यहां तक कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन से मेरे घर की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। यह पूरी तरह से उत्पीड़न के अलावा कुछ नहीं है। मुझे हैरानी है कि सेक्रेटरी जनरल ने मुझे फोन तक नहीं किया। स्थानीय थाने की ओर से भी कोई प्राथमिक सूचना नहीं दी गई। यह वास्तव में बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

सूत्रों के अनुसार, नयना आज कालीघाट जाकर इस संबंध में अपनी पार्टी की सुप्रीमो ममता बनर्जी से शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

SCROLL FOR NEXT